Visitors have accessed this post 20 times.

हाथरस : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी Atul Vats और पुलिस अधीक्षक Chiranjeev Nath Sinha ने कानून व्यवस्था, अभियोजन कार्यों और एनकॉर्ड समिति से जुड़े मामलों की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि नमाज केवल निर्धारित मस्जिदों में ही अदा की जाए, सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट न कर सके। ऐसे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और पर्याप्त डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर लोगों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराने के निर्देश दिए, जिससे आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

INPUT – RAHUL SHARMA