Visitors have accessed this post 95 times.
हाथरस : पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और प्रेरणादायक चेहरा सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के लाला का नगला चौकी प्रभारी अजय राज ने गरीब और जरूरतमंद बच्चों की मदद कर समाज के लिए एक मिसाल पेश की है। उन्होंने 10 से अधिक बच्चों का सरकारी स्कूल में दाखिला कराकर उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी। चौकी प्रभारी अजय राज बच्चों को अपने साथ बाजार लेकर गए, जहां उन्होंने अपने हाथों से बच्चों के लिए नई स्कूल ड्रेस, जूते, टाई, बेल्ट और पढ़ाई का जरूरी सामान खरीदा। नई यूनिफॉर्म पहनकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान चौकी प्रभारी ने बच्चों को गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया, जिसे देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। दाखिले से पहले अजय राज ने बच्चों के परिजनों से बातचीत कर सभी जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराई, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बन सके। इलाके के लोगों ने पुलिस के इस मानवीय कदम की जमकर सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। चौकी प्रभारी अजय राज ने कहा कि उन्हें यह प्रेरणा अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मिली है। उन्होंने बताया कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। हाथरस पुलिस का यह मानवीय प्रयास लोगों के दिलों में खास जगह बना रहा है और खाकी के प्रति विश्वास को और मजबूत कर रहा है।

INPUT – RAHUL SHARMA











