Visitors have accessed this post 90 times.

हाथरस : पुलिस का एक बेहद मानवीय और प्रेरणादायक चेहरा सामने आया है, जिसने समाज में सकारात्मक संदेश दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र की मेंदू गेट पुलिस चौकी के इंचार्ज यदुनाथ सिंह कौरव ने जरूरतमंद और गरीब परिवारों के पांच बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। चौकी इंचार्ज यदुनाथ सिंह कौरव ने न केवल इन बच्चों का सरकारी स्कूल में दाखिला कराया, बल्कि व्यक्तिगत रूप से उनकी मदद भी की। वे बच्चों को अपने साथ बाजार ले गए और वहां से नई स्कूल ड्रेस, जूते, टाई, बेल्ट और पढ़ाई से संबंधित आवश्यक सामग्री दिलाई। नई यूनिफॉर्म पहनते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास झलक उठा। इस दौरान चौकी इंचार्ज ने बच्चों को अपनापन देते हुए उन्हें गले लगाया, जिससे माहौल भावुक हो गया और मौजूद लोगों ने इस कदम की सराहना की। दाखिले की प्रक्रिया से पहले उन्होंने बच्चों के परिजनों से बातचीत कर सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कराए, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का यह मानवीय रूप समाज में विश्वास और सकारात्मकता बढ़ाता है। यदुनाथ सिंह कौरव का यह प्रयास यह संदेश देता है कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह जरूरतमंदों की मदद करे। हाथरस में खाकी का यह संवेदनशील चेहरा लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ रहा है।

INPUT – RAHUL SHARMA