Visitors have accessed this post 20 times.
सासनी स्थित एसबीएस यूनियन स्कूल में 25 एवं 26 मई 2026 को दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला “गुरु दक्षता” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षक के रूप में सीबीएसई हाथरस के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा तथा विद्यालय के डायरेक्टर एवं शिक्षाविद डॉ. विकास सिंह उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान डॉ. जगदीश शर्मा ने शिक्षकों को सीबीएसई बोर्ड की मान्यता प्रक्रिया, अकादमिक पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, कक्षा प्रबंधन, स्किल एजुकेशन तथा विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में शिक्षकों का नियमित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर सकें। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की कार्यक्षमता और गुणवत्ता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने शिक्षकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य के लिए प्रेरित करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
INPUT – DEV PRAKASH










