Visitors have accessed this post 84 times.

हाथरस : केंद्र सरकार के सेवा, सम्मान, संस्कार एवं सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. वेद प्रकाश ने जनपद हाथरस के प्रबुद्ध जनों, चिकित्सकों तथा आईएमए सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि भारत सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग 55 करोड़ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत लगभग 25 लाख गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। वहीं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रदेश की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 70 हजार बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि प्रदेश में संचालित 102 और 108 एंबुलेंस सेवाएं गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा दुर्घटना एवं आपातकालीन मरीजों को निःशुल्क परिवहन सुविधा प्रदान कर रही हैं। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में लगभग 18 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ कैंसर, मधुमेह और अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ऑनलाइन परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
कार्यक्रम में टीवी मुक्त भारत अभियान का भी उल्लेख किया गया। डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि गांव-गांव और शहर-शहर आयुष्मान शिविरों का आयोजन कर टीबी मरीजों की पहचान, जांच, एक्स-रे तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति मिली है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों और आईएमए सदस्यों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की सराहना की।

INPUT – RAHUL SHARMA