Visitors have accessed this post 4 times.

हाथरस : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत परिवार नियोजन कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश की अध्यक्षता में GP-DVDMS पोर्टल के संचालन, स्टॉक प्रबंधन एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग संबंधी अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में द्वितीय बैच के चीफ फार्मासिस्ट एवं फार्मासिस्टों को परिवार नियोजन सामग्रियों की ऑनलाइन मांग, प्राप्ति, वितरण एवं स्टॉक प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि GP-DVDMS पोर्टल के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं, सब सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता और वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में सादाबाद, सहपऊ, जिला महिला चिकित्सालय एवं जनपद हाथरस के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए चीफ फार्मासिस्ट एवं फार्मासिस्टों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन रिपोर्टिंग प्रणाली को मजबूत करने और समयबद्ध डेटा अपलोड सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल परिवार नियोजन), जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम, जिला परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक, डाटा एंट्री ऑपरेटर सीएमएसडी स्टोर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा लाभार्थियों तक आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

INPUT – RAHUL SHARMA