Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे (CA Day) के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सीए माह 2026 के अंतर्गत हाथरस चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एसोसिएशन (HCAA) द्वारा सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 28 जून (रविवार) को प्रेम रघु हॉस्पिटल, आगरा रोड, हाथरस में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन के. वार्ष्णेय ने बताया कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों, उनके परिवारजनों, कार्यालय स्टाफ, मित्रों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। एसोसिएशन के सचिव सीए गीतांश बिंदल ने जानकारी दी कि शिविर में रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रक्तदान कराया जा सके। कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान करने वाले सभी इच्छुक व्यक्तियों को रक्तदान से पहले हल्का नाश्ता या भोजन अवश्य करना चाहिए। खाली पेट आने वाले व्यक्तियों को रक्तदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। रक्तदान शिविर के संयोजक सीए आकाश दीप गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। हाथरस चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने सभी पात्र नागरिकों से इस सामाजिक एवं जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रक्तदान शिविर को सफल बनाने की अपील की है।

INPUT – AMIT  SHARMA