Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस : समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं हाथरस विधानसभा (सुरक्षित) सीट से भावी प्रत्याशी रामनारायण काके को मंगलवार को पुलिस ने उनके आवास से बाहर नहीं निकलने दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की सूचना सामने आई, जिसके बाद प्रदेशभर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एहतियात के तौर पर रामनारायण काके के आवास पर पुलिस बल तैनात किया और उन्हें घर से बाहर जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और रामनारायण काके के बीच बातचीत भी हुई। मौके पर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। रामनारायण काके ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उनका आरोप है कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कदम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियातन उठाया गया है। फिलहाल, हाथरस में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है।

INPUT – RAHUL SHARMA











