Visitors have accessed this post 12 times.

हाथरस : निस्वार्थ सेवा संस्थान एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में पूज्य दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन तपस्या धाम, तरफरा रोड, हाथरस में किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में भोले बाबा को माल्यार्पण तथा सामूहिक शिव स्तुति के साथ हुआ। इसके बाद दोनों संस्थाओं से जुड़े सदस्यों, ब्रह्माकुमारी बहनों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के इस पुनीत कार्य में सहभागिता की। कार्यक्रम की संरक्षक राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी ने अपना जीवन मानवता की सेवा और विश्व कल्याण के लिए समर्पित किया। उनकी पुण्य स्मृति में रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन बचाने का प्रयास उनके सेवा-संदेश को आगे बढ़ाने का सार्थक माध्यम है। कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर बीके भावना दीदी ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वस्थ लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से किया गया रक्तदान समाज की एकजुटता और मानवता के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण है। शिविर में निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, विशाल सोनी और सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से राजयोगिनी बीके सीमा दीदी, बीके बबीता बहन, बीके रश्मि बहन, बीके सुमित भाई, बीके रेनू बहन, राधा बहन एवं कमलेश बहन उपस्थित रहीं। रक्तदान शिविर में चिकित्सा टीम के एलटी संजय शर्मा, एलटी कमलेश, गोपाल, एसएन ऋचा सेंगर, अटेंडेंट शमसीर खान एवं संजीव कुमार सहित अन्य सदस्यों ने अपनी सेवाएं दीं।

INPUT – RAHUL SHARMA