Visitors have accessed this post 70 times.
सादाबाद क्षेत्र के गांव जटोई में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत के पास स्थित कोठरी में करीब 5 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया और उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी के अनुसार, अजगर खेत के पास बनी एक कोठरी में छिपा हुआ था। जैसे ही ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम को बुलाया गया। वहीं, स्थानीय स्तर पर सांपों का रेस्क्यू करने वाले संजय उर्फ जहरीला को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संजय मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और अजगर को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाएगा, ताकि उसे किसी प्रकार की हानि न पहुंचे। अजगर के सफलतापूर्वक पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम के साथ रेस्क्यू टीम की सराहना की। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव या सांप के दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें और स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें।

INPUT – S. P CHAUDHARY











