Visitors have accessed this post 138 times.
मुरसान : जी.एस.ए.एस. बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य कैंप में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पहुंचकर छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं की आंखों एवं रक्त की जांच की गई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। जिलाधिकारी ने विद्यालय में उप जिलाधिकारी सदर के जनसहयोग से कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यालय में तैयार किए गए प्रोजेक्टर युक्त एक्टिविटी रूम का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने एक्टिविटी रूम में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। स्वास्थ्य कैंप के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाने और नियमित स्वास्थ्य जांच का रिकॉर्ड उसमें दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कैंप का उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा शरीर में पोषण की कमी को समय रहते पहचानकर उसका समाधान करना है। छात्राओं से संवाद करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, सलाद और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। साथ ही मैदा से बने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने और प्राकृतिक एवं पोषक भोजन को प्राथमिकता देने की सलाह दी। डीएम ने एनीमिया के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शरीर में खून की कमी के लक्षण कई बार स्पष्ट नहीं दिखाई देते। कमजोरी, जल्दी थकान और ऊर्जा की कमी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

INPUT – VIRENDRA SHARMA










