Visitors have accessed this post 111 times.
हाथरस : उन्नाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संबंधित एक वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रगान के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी मामले में हाथरस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हाथरस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा और FIR दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथरस कैंप कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कोतवाली तक पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल के रूप में पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जाए और कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध CCTV फुटेज तथा अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए। साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर यह स्पष्ट किया जाए कि राष्ट्रगान के दौरान वास्तविक घटनाक्रम क्या था। पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस की मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी कानून या नियम का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।
INPUT – AMIT SHARMA











