Visitors have accessed this post 102 times.
हाथरस : उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल एआई प्रज्ञा के तहत संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था 1M1B (One Million for One Billion) की ओर से महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, सलेमपुर में दो दिवसीय निःशुल्क एवं व्यावहारिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणाओं, विभिन्न उद्योगों में इसके उपयोग, भविष्य में रोजगार की संभावनाओं और जरूरी डिजिटल कौशलों की जानकारी दी गई। हैंड्स-ऑन गतिविधियों और इंटरैक्टिव सत्रों के जरिए विद्यार्थियों ने एआई तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया। संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. सोनवीर सिंह, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मयंक निरूपण सिंह, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन अधिकारी विश्वजीत सिंह, दीपक कुमार और कार्यक्रम अधिकारी शैफाली शाक्य ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 1M1B उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एआई प्रज्ञा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, डिग्री कॉलेजों और विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों में दक्ष बनाकर रोजगार, नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसरों के लिए तैयार करना है।
INPUT – RAHUL SHARMA











