Visitors have accessed this post 7 times.

मुरसान के बड़े बाजार चौराहे पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया गया है। मामले में थाना मुरसान पुलिस ने संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, मुरसान थाना क्षेत्र के दुलारी चौकी कस्बा निवासी रविन्द्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके और उनके भाई पिन्टू पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की तथा जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने करन, दीपक, राधेश्याम, जीतू, सुमित, अर्जुन, सूरज समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के निकट पर्यवेक्षण में थाना मुरसान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। 28 अगस्त को दोपहर करीब 12:15 बजे सादाबाद रोड से मुरसान ब्लॉक की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नगला बाबू भट्ठे के पास तिराहे से आरोपी सूरज पुत्र राजू निवासी नगला उदयसिंह, थाना मुरसान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष है। उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA