Visitors have accessed this post 5 times.
हाथरस : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महान हॉकी खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में कैरम, शतरंज और निशानेबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा सुबह क्षेत्रीय कार्यालय से बागला इंटर कॉलेज के खेल मैदान तक दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें बैंक के कई कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित खेल और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और भारतीय हॉकी में उनके योगदान को भी याद किया गया। ध्यानचंद भारतीय हॉकी टीम की 1928, 1932 और 1936 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे। वर्ष 1936 के बर्लिन ओलंपिक में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की थी। उनकी शानदार ड्रिब्लिंग और गेंद पर नियंत्रण के लिए उन्हें विश्व हॉकी के महान खिलाड़ियों में गिना जाता है। वर्ष 1956 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। मेजर ध्यानचंद की जयंती 29 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कार्यक्रम में कर्मचारियों ने खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी नीरज उपाध्याय ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

INPUT – AMIT SHARMA











