Visitors have accessed this post 42 times.
सासनी : समाजवादी पार्टी की ओर से रविवार, 30 अगस्त को सासनी शहर स्थित बालाजी गेस्ट हाउस में PDA कार्यकर्ता सदस्यता ग्रहण सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का आयोजन समाजवादी पार्टी के पूर्व एवं भावी प्रत्याशी रामनारायण काके के समर्थन में किया गया। कार्यक्रम के आयोजक कुलदीप सिंह रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रूप किशोर कश्यप ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा और पूर्व चेयरमैन सादाबाद एवं सपा जिला अध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश सचिव वीरेंद्र कुशवाहा और गिरीश नागर शामिल रहे। मुख्य अतिथि देवेंद्र कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के जनाधार को मजबूत करने और संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया। वहीं चौधरी भाजुद्दीन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से रामनारायण काके को मजबूती के साथ चुनाव लड़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी और प्रत्याशी के समर्थन में काम करने की अपील की। प्रदेश सचिव वीरेंद्र कुशवाहा ने पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं रामनारायण काके ने सम्मेलन में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए आगामी चुनाव में सहयोग और समर्थन की अपील की। कार्यक्रम के दौरान श्याम सुंदर शर्मा, ज्ञान सिंह दिवाकर, चंद्रकेश बघेल समेत सैकड़ों लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सम्मेलन का संचालन हेमंत गौड़ और सुनील कुमार दिवाकर ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











