Visitors have accessed this post 4 times.

हाथरस : H1N1 (इन्फ्लुएंजा-ए) एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, हाथरस ने जनसामान्य के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्साधिकारी, हाथरस ने जिलेवासियों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन्फ्लुएंजा संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बातचीत के दौरान निकलने वाली सांस की बूंदों से फैल सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा शामिल हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और स्वयं से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें। विभाग ने गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष या अधिक आयु के लोगों, छोटे बच्चों तथा पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक सुस्ती, रक्त मिला बलगम, होंठ या नाखून नीले पड़ना अथवा पुरानी बीमारी बढ़ने जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय, हाथरस पहुंचने की अपील की गई है। संक्रमण से बचाव के लिए खांसते-छींकते समय मुंह और नाक ढकने, हाथों को साबुन-पानी से नियमित रूप से धोने, फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्ति से अनावश्यक निकट संपर्क से बचने और लक्षण होने पर घर पर रहने की सलाह दी गई है। ILI/फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्तियों को लक्षण समाप्त होने तक मास्क का प्रयोग करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मरीजों को एंटी-वायरल दवा की आवश्यकता नहीं होती। Oseltamivir जैसी दवाएं केवल चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही लें और स्वयं से दवा शुरू न करें। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें, समय पर चिकित्सकीय सलाह लें और संक्रमण को फैलने से रोकने में सहयोग करें।

INPUT – RAHUL SHARMA