Visitors have accessed this post 29 times.
सिकंदराराऊ : ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर पेड़ वाले स्कूल में पूर्व ऊर्जा, परिवहन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय की चतुर्थ पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जनपद के विकास में रामवीर उपाध्याय के योगदान को याद किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने हाथरस जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि रामवीर उपाध्याय हाथरस जिले के ऐसे प्रमुख राजनेताओं में रहे, जिन्हें जिले की तीनों विधानसभा सीटों से विधायक चुने जाने का गौरव प्राप्त हुआ। प्रधानाचार्य ने कहा कि हाथरस को जिला बनाने के लिए रामवीर उपाध्याय के प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाथरस के जिला बनने से पहले लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए अलीगढ़ और मथुरा जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हाथरस के जिला बनने के बाद लोगों को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं मिलने लगीं और क्षेत्र के विकास को भी गति मिली। उन्होंने कहा कि रामवीर उपाध्याय प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचाने जाते थे। उनके समर्थकों के अनुसार उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की मदद की और इसी कारण लोग आज भी उन्हें याद करते हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, श्रीकृष्ण दीक्षित, शरद शर्मा, केके शर्मा, अनिल उपाध्याय, अनंत देव चतुर्वेदी, हर्षित देव चतुर्वेदी, शिवम दीक्षित, उत्कर्ष पाठक, विवेक धनगर, विनोद गिरि, अनुपम तोमर, योगिता सैनी, सोनी यादव, संध्या शर्मा सहित अन्य लोगों ने स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
INPUT – NEERAJ GUPTA









