Visitors have accessed this post 48 times.

हाथरस : विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और अधिक विश्वसनीय बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे अनुरक्षण माह के तहत गुरुवार को अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने वाटर वर्क्स उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र पर चल रहे विभिन्न अनुरक्षण कार्यों का मौके पर पहुंचकर बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों से कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने संबंधित उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता को अनुरक्षण कार्यों को पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र एवं विद्युत लाइनों से जुड़े आवश्यक कार्यों को समय रहते पूरा किया जाए, ताकि आने वाले समय में विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए उपकेंद्र की मशीनरी, उपकरणों और विद्युत व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के साथ-साथ सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। अधिशासी अभियंता ने अनुरक्षण कार्यों में लापरवाही न बरतने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA