Visitors have accessed this post 96 times.
बरेली : जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी-बरेली जंक्शन रेलखंड के बीच किलोमीटर संख्या 318/4-5 पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 55315 बरेली सिटी-पीलीभीत सवारी गाड़ी का संचालन अब इज्जतनगर स्टेशन से किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 55328 बरेली सिटी-कासगंज सवारी गाड़ी को बरेली से न्यूनतम 60 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है। इस ट्रेन को बरेली सिटी-बरेली जंक्शन-रामगंगा-बमियाना मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा गाड़ी संख्या 55311 कासगंज-लालकुआं सवारी गाड़ी को कासगंज-बरेली सिटी के बीच मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इस ट्रेन को बमियाना-रामगंगा-बरेली जंक्शन-बरेली सिटी मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और रूट की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। जलभराव की स्थिति सामान्य होने तक रेल संचालन में बदलाव जारी रह सकता है।
INPUT – RAHUL SHARMA











