Visitors have accessed this post 6 times.
हाथरस : श्री अग्रवाल सभा रजि. हाथरस की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक श्री अंगूमल धर्मशाला, सादाबाद गेट, हाथरस में सभा अध्यक्ष श्री अनिल कुमार मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। बैठक में महामंत्री मनोज कुमार अग्रवाल ‘किराने वाले’ ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं नवीन कार्यकारिणी के सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद सभी सदस्यों के परिचय की प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में सभा की वार्षिक पत्रिका ‘अग्रकुल दर्पण’ के संपादन की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से गोविंदशरण अग्रवाल एवं वरुण अग्रवाल को सौंपी गई। वहीं श्री दाऊजी महाराज मेले में लगने वाले दोनों अग्रवाल शिविरों की व्यवस्था के लिए गौरव अग्रवाल ‘बौबी’ को संयोजक बनाया गया। इसके अलावा श्री अग्रसेन जयंती शोभायात्रा के आयोजन के लिए सर्वसम्मति से हर्ष मित्तल ‘पिंटू’ को संयोजक नियुक्त किया गया। बैठक में सभा के लिए धन संग्रह की टीमों के गठन पर भी विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष के नेतृत्व में लगभग 10 से 11 टीम गठित करने पर सहमति बनी। बैठक में श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय अग्रसेन मेले को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मेले के आयोजन और जिम्मेदारियों को लेकर सदस्यों ने अलग-अलग सुझाव रखे। इस दौरान विभिन्न सदस्यों द्वारा आयोजन समिति के लिए कई नाम प्रस्तावित किए गए। विचार-विमर्श के बाद पांच सदस्यीय समिति गठित करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। कुछ सदस्यों ने दो दिवसीय अग्रसेन मेले का आयोजन पूर्व की तरह श्री अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों द्वारा ही किए जाने का सुझाव दिया। बैठक में इस विषय पर अलग-अलग मत सामने आए। इसके बाद सभा अध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए आगामी बैठक में इस विषय पर आगे की चर्चा करने की बात कही। बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा सदस्यता शुल्क का स्वेच्छा से संग्रह भी किया गया। बैठक का संचालन पूर्व महामंत्री विनोद कुमार अग्रवाल एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर मंच पर अध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल, महामंत्री मनोज कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय कुमार टालीवाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष मित्तल ‘मोनू’, संयुक्त मंत्री मुकेश जालान सहित पूर्व महामंत्री विनोद कुमार अग्रवाल एडवोकेट, दिलीप पौददार एडवोकेट, राकेश बंसल, सुनील अग्रवाल, दीपेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, सुरेश चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल राया वाले, संजीव अग्रवाल, विपुल सिंघानिया, मधुर विंदल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के सदस्य मौजूद रहे। अंत में सभा अध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
INPUT – AMIT SHARMA











