Visitors have accessed this post 7 times.

सिकंदराराऊ : अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित आरसी हेल्थकेयर फार्मा पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मासिस्टों के सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। समारोह की अध्यक्षता दिल्ली से आए वरिष्ठ समाजसेवी बॉबी राघव ने की, जबकि संचालन अवनेश यादव ने किया। कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्ट अवनेश यादव ने अतिथियों को फूलमालाएं पहनाकर तथा राधा-कृष्ण की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया। अलीगढ़ मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण, स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के साथ फार्मासिस्ट भी मरीजों तक आवश्यक दवाएं पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कोविड काल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब संक्रमण के दौर में बड़ी संख्या में लोग घरों में रहने को मजबूर थे, तब फार्मासिस्टों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने इसे फार्मासिस्टों की सेवा भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। दिल्ली से आए बॉबी राघव ने कहा कि फार्मासिस्ट का सम्मान केवल उसकी सफेद कोट में नहीं, बल्कि उसके ज्ञान और ईमानदारी में है। उन्होंने कहा कि दवाओं का वितरण फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी और मरीज के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने फार्मासिस्टों से आह्वान किया कि वे मरीजों को दवा के साथ भरोसा भी दें और उनकी प्राथमिकता मरीज की सेहत हो। कार्यक्रम में अलीगढ़ मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी, संरक्षक डॉ. आलोक वार्ष्णेय, जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, डॉ. अरविंद कुलश्रेष्ठ, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अवनीश झा, शंभू पाठक, हरिबाबू अग्रवाल, अवनेश यादव, जुबैर खान, शोएब अख्तर, डॉ. राकेश सेंगर सभासद, मोहित पुंढीर, शिवम, अनुभव यादव, जीतू, गौरव राजपूत, सूरज सहित अन्य फार्मासिस्ट मौजूद रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA