Visitors have accessed this post 10 times.
बिल्सी जल जीवन मिशन के तहत गांव अगोल में पानी की सप्लाई के लिए बनी टंकी से लगातार दूसरी बार चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 23 सितंबर की रात अज्ञात चोर टंकी से सोलर के तार काटकर ले गए। तार चोरी होने के बाद गांव में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई। पंप ऑपरेटर अभिषेक शाक्य के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह जब वह टंकी पर पहुंचे तो सोलर के तार गायब मिले। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। मामले में कुछ ग्रामीणों पर शक जताते हुए थाना बिल्सी में नामजद प्रार्थना पत्र भी दिया गया है। अभिषेक शाक्य का कहना है कि इससे पहले 15 जुलाई को भी टंकी के कमरे से इन्वर्टर और बैटरी चोरी हो चुकी है। इस संबंध में थाना बिल्सी में शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक उस चोरी का खुलासा नहीं हो सका है।

बताया गया है कि दोनों चोरी की घटनाओं में करीब 60 हजार रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। अब पंप ऑपरेटर ने जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए मामले का जल्द खुलासा करने और नामजद लोगों से पूछताछ की मांग की है। वहीं, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – SURAJ SAGAR











