Visitors have accessed this post 11 times.
हाथरस : ग्राम खेड़ा परसौली, कटेलिया, चंद्रगढ़ी और पत्ती गढ़ी के मध्य स्थित बड़ा खाटू श्याम जी मंदिर परिसर में 11 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ भक्तिमय माहौल में हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत उद्घाटन पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने 21 किलोमीटर की भव्य परिक्रमा कर किया। महायज्ञ के आरंभ होते ही समूचा क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हारे के सहारे’ के जयकारों से गूंज उठा।
यज्ञ मंडप में आहुतियां देने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने कहा, यह मेरे लिए अत्यंत गौरव और परम सौभाग्य का क्षण है कि मुझे छेछी मैया की पावन कृपा के साथ-साथ आज बाबा खाटू श्याम जी के इस 11 कुंडीय महायज्ञ के भव्य शुभारंभ में सहभागिता करने का अवसर प्राप्त हुआ है। हमारे ग्रामीण अंचलों में ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।
छैछी मैया के पावन धाम के साथ अब यहां बाबा खाटू श्याम जी का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो रहा है, जो क्षेत्र की आस्था का एक बड़ा केंद्र बनेगा। भक्ति और धर्म के इस पुनीत कार्य के लिए मैं सभी ग्रामवासियों, आयोजकों और धर्मप्रेमियों को हृदय से बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ। बाबा श्याम और मैया रानी की कृपा से हमारे क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि निरंतर बनी रहे।
उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के श्रद्धालु, बुजुर्ग और युवा उपस्थित रहे। यज्ञ की परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन नियमित आहुतियां और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

INPUT – AMIT SHARMA











