Visitors have accessed this post 175 times.

हाथरस : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत हाथरस में दो बालिकाओं को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में 13 अक्टूबर को थाना हसायन में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रति का नगला की कक्षा आठ की छात्रा वैष्णवी तथा थाना सहपऊ में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा गोपी ने एक दिवसीय थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान दोनों छात्राओं ने थाने पर जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग भी कराई गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, बालिकाओं के अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं एवं महिला अध्यापिकाओं को चॉकलेट और फ्रूटी देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। पुलिस ने महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास विकसित करना है। हाथरस पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति के तहत जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

INPUT – RAHUL SHARMA