Visitors have accessed this post 51 times.

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद-जैतई मार्ग पर शनिवार दोपहर यात्रियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गमी में शामिल होकर लौट रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार, थाना सासनी क्षेत्र के गांव रुहेरी और थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गावर गढ़ी के कुछ लोग आगरा जनपद के गांव नगला गडरिया में गमी में शामिल होने गए थे। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे सभी लोग टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सादाबाद-जैतई मार्ग पर गांव लालगढ़ी के निकट अचानक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में सात लोग घायल

टेंपो पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद पहुंचाया गया। घायलों में रूप किशोर पुत्र नेम सिंह निवासी रुहेरी और रवीना पत्नी रवि निवासी गावर गढ़ी की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया। वहीं, गायत्री (31 वर्ष), पत्नी रूप किशोर; निर्मला देवी (36 वर्ष), पत्नी करण सिंह; भगवान देवी (45 वर्ष), पत्नी हाकिम सिंह; रचना, पत्नी नेहाल सिंह; और बनी सिंह, पुत्र देव लाल, निवासी रुहेरी का सीएचसी सादाबाद में उपचार किया गया।

सूचना पर अस्पताल पहुंचे पुलिसकर्मी और परिजन

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी और घायलों के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंच गए। घटना के बाद घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल रहा। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

INPUT – KANHAIYA LAL