Visitors have accessed this post 68 times.
जनपद हाथरस के सादाबाद कोतवाली परिसर में सोमवार को मिशन नारी शक्ति के तहत नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान आदर्श महिला एवं बाल कल्याण संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राणा को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सादाबाद की एसडीएम ऋतु सिरोही, सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण और कोतवाली प्रभारी विजय सिंह सहित सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि तथा महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदर्श महिला एवं बाल कल्याण संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राणा ने कहा कि महिलाओं को स्वयं को कमजोर नहीं समझना चाहिए, क्योंकि नारी शक्ति ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और महिलाओं को हमेशा सम्मान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठनों से महिलाओं के हित में इसी तरह निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे पुलिस प्रशासन के प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों में आमजन से सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना और समाज में नारी सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।

INPUT – BUREAU REPORT











