Visitors have accessed this post 7 times.

समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय निस्वार्थ सेवा संस्थान अब अपने सेवा कार्यों का विस्तार करते हुए फिरोजाबाद में नई जिला समिति का गठन करने जा रहा है। 23 अक्टूबर 2026 को फिरोजाबाद क्लब में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य फिरोजाबाद में जरूरतमंदों की सहायता के लिए नियमित सेवा गतिविधियों को शुरू करना और अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में फिरोजाबाद जिला समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें जिलाध्यक्ष के रूप में विनय अग्रवाल एवं सचिव के रूप में स्वाति अग्रवाल की जिम्मेदारी रहेगी। वहीं, निष्कर्ष गर्ग जिला प्रभारी के रूप में संस्थान के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके नेतृत्व में स्थानीय टीम का गठन कर फिरोजाबाद में विभिन्न सेवा कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।

निस्वार्थ सेवा संस्थान हाथरस में लंबे समय से विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता कर रहा है। संस्थान का प्रमुख सेवा अभियान रोटी बैंक है, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संस्थान मूक पशुओं की सेवा, कन्यादान, रक्तदान, अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार तथा डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा केवल एक व्यक्ति या एक स्थान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना, समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत बनाना तथा युवाओं को सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ना है। फिरोजाबाद में नई समिति के गठन से सेवा कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाएं तैयार करने में सहायता मिलेगी।

जिला प्रभारी निष्कर्ष गर्ग ने कहा कि फिरोजाबाद में संस्थान की टीम का गठन सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उनका प्रयास रहेगा कि समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर नियमित सेवा कार्यक्रम संचालित किए जाएं।

इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान का लक्ष्य एक ऐसी सक्रिय टीम तैयार करना है, जो सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए निरंतर सेवा कार्य करे और समाज में मानवता, सहयोग तथा संवेदनशीलता का संदेश प्रसारित करे।