Visitors have accessed this post 56 times.
हाथरस जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए। अभियान के दौरान आरएन प्रोडक्ट्स से खट्टी-मीठी चटनी का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। निरीक्षण में अस्वच्छता और अन्य कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।

वहीं, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर करीब 35 किलो भीम गोली मौके पर ही नष्ट करा दी गई। इसके अलावा, हाथरस के सादाबाद गेट स्थित बीबीसीएन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां किचन में खाद्य पदार्थों का अस्वच्छ तरीके से भंडारण पाए जाने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया। सिकंदराराऊ के पंत चौराहे स्थित फैंसी स्वीट शॉप से लौंग मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं, बस स्टैंड स्थित शर्मा होटल के संचालक को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और स्वच्छ तरीके से भोजन परोसने के निर्देश दिए गए।
मिठाइयों पर यूज बाय डेट अंकित करने के निर्देश
सादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मिठाइयों पर इस्तेमाल की अंतिम तिथि यानी ‘यूज बाय डेट’ अंकित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की उपयोग अवधि की जानकारी मिल सके।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का उचित तरीके से भंडारण करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

INPUT – RAHUL SHARMA









