Visitors have accessed this post 5 times.
जनपद हाथरस में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस विभाग के तीन कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण और गीता भेंट की तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक ओमकार प्रसाद, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार और लीडिंग फायरमैन हरिवंश शामिल रहे। तीनों कर्मचारियों ने पुलिस विभाग में अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए लंबे समय तक सेवाएं प्रदान कीं। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पुलिस विभाग में कार्य करने के अपने अनुभव भी साझा किए। सीओ नगर हिमांशु माथुर ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय विभाग को समर्पित किया है। अब सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने परिवार के साथ समय बिताने और जीवन की नई शुरुआत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सलाह दी कि वे स्वयं को व्यस्त रखें, स्वस्थ रहें और प्रसन्नतापूर्वक जीवन व्यतीत करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे उनसे कार्यालय में आकर या फोन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे। समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
INPUT – RAHUL SHARMA











