Visitors have accessed this post 958 times.
गाज़ियाबाद मोहन नगर स्थित गुलमोहर ग्रीन सोसायटी में एक फ्लैट के सामने महिला टेंट लगाकर बैठ गई है। महिला का आरोप है कि उनका पति करीब एक महीने से 12 साल के बेटे के साथ फरार है। वह सोसायटी स्थित अपने फ्लैट पर पहुंचीं तो फ्लैट के अंदर किराएदार मिला। ऐसे में पुलिस भी उसकी मदद नहीं कर रही है। इसके चलते वह अपने फ्लैट के सामने टेंट लगा कर बैठ गई हैं।
पीड़िता रजनी का आरोप है कि, पहले वह पति के साथ झिलमिल मेट्रो स्टेशन के पास किराए के फ्लैट में रहती थीं। उनका पति दिल्ली की एक कंपनी में कार्यरत है और उनकी शादी को 12 साल हो चुके हैं। उनका 11 साल का बेटा और 8 साल की बेटी है। महिला ने बताया कि उनका पति एक महीना पहले बेटे को लेकर कहीं निकल गया था। जब दिल्ली के फ्लैट का पिछले 3 महीने से किराया नहीं गया तो वह मंगलवार को फ्लैट खाली कर गुलमोहर ग्रीन सोसायटी स्थित अपने फ्लैट पर पहुंचीं।
इस दौरान पीड़िता को पता चला कि, फ्लैट को पति ने किराए पर दिया हुआ है। किराएदार फ्लैट को खाली करने को तैयार नहीं है। ऐसे में वह फ्लैट के सामने ही टेंट लगाकर बच्ची और सामान के साथ बैठ गई हैं। महिला का कहना है कि उनका पति एक माह से बेटे के साथ फरार है। उनका फोन भी बंद है। वहीं, एसएचओ साहिबाबाद दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है
INPUT – MANOJ BHATNAGAR









