Visitors have accessed this post 36 times.
सिकंदराराऊ : हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर के ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर पेड़ वाले स्कूल में एसडीएम ने बच्चों को तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली भी निकाली और भारत माता की जय के नारे लगाए।
एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान, जो कि आजादी का अमृत महोत्सव का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य है कि प्रत्येक भारतीय नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराए और देशभक्ति की भावना को मजबूत करे। एसडीएम ने बच्चों को तिरंगे के महत्व और देशभक्ति की शपथ दिलाई। बच्चों ने शपथ ली कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएंगे और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा झंडा हमारा राष्ट्रीय ध्वज है और हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है कि हम अपने राष्ट्रध्वज का सम्मान करें और अपने अंदर राष्ट्र प्रेमी का जज्बा जगाएं। देश को आजाद करने के लिए हमारे देश के क्रांतिकारी सेनानियों ने सब कुछ न्योछावर कर दिया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद, बच्चों ने स्कूल परिसर में एक रैली निकाली, जिसमें उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे देशभक्ति नारों का उद्घोष किया। इस रैली का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना को जगाना और स्वतंत्रता संग्राम के महत्व को समझाना था।
इस अवसर पर प्रवीण सोमानी, प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, मुनेश शर्मा, मुकेश शर्मा, संतोष पुंडीर ,महेश यादव, दुष्यंत यादव ,अशोक बघेल, शरद शर्मा, अनिल पचौरी, अनुज पुंडीर, आशुतोष उपाध्याय, विवेक कुमार, नवीन दीक्षित आदि मौजूद थे।
INPUT – VINAY CHATURVEDI