Visitors have accessed this post 371 times.
सासनी (हाथरस) । सासनी क्षेत्र में गुरुवार 15 जनवरी को उस समय सनसनी फैल गई, जब समय करीब 11 बजे वन चेतना केंद्र के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र व पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि उसकी मृत्यु रात्रि के समय किसी अज्ञात कारणों से हुई होगी। शव के निरीक्षण में शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक सासनी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवा दिया गया है। साथ ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाकर आवश्यक जांच प्रक्रिया कराई गई है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।










