Visitors have accessed this post 12 times.
हाथरस : होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम जनता को सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सासनी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व और निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता की टीम ने तहसील सासनी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान रघनिया रोड स्थित कपिल आनंद एग्रो प्राइवेट लिमिटेड, श्रीनगर रुहेरी में छापा मारा गया। मौके पर फैक्ट्री में सचिन खन्ना मौजूद पाए गए। निरीक्षण के दौरान विक्रय के लिए तैयार कैच ब्रांड जिंजर गार्लिक पेस्ट का नमूना जांच के लिए लिया गया।
इसके अलावा अचार बनाने में इस्तेमाल होने वाले लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, अमृत गोल्ड ब्रांड सरसों का तेल और राई कुरिया के भी नमूने जांच हेतु लिए गए।
कार्रवाई के दौरान मौके से 268 किलो राई कुरिया, 248 किलो लाल मिर्च पाउडर और पीपे में रखा 13 किलो सरसों का तेल सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, पारुल सिंह और सुरेंद्र कुमार गौड़ मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

INPUT – BUREAU REPORT











