Visitors have accessed this post 138 times.

हाथरस : जनपद हाथरस में स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियंशल लर्निंग प्रोग्राम (SPEL-3.0) का समापन कार्यक्रम गुरुवार को डीटीयू सभागार कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बताया गया कि जनपद हाथरस में SPEL-3.0 कार्यक्रम 20 जनवरी 2026 से प्रारम्भ होकर 12 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षण (Experiential Learning) के तहत कानून और आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

समापन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन श्यामवीर सिंह, निरीक्षक मुकेश बाबू (प्रभारी SPEL) सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभव भी साझा किए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस के अधिकारों और कर्तव्यों से अवगत कराना तथा पुलिस और समाज के बीच बेहतर समझ विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल से पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत होगी और युवा वर्ग समाज में सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए प्रेरित होगा।

INPUT – RAHUL SHARMA