Visitors have accessed this post 17 times.
हाथरस : शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के क्रम में नवरात्रि पर्व को देखते हुए आम जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत हाथरस शहर के सियल खेड़ा स्थित बसंत लाल प्रोविजन स्टोर, गौरी नमकीन तथा नयागंज स्थित अनूप जनरल स्टोर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनूप जनरल स्टोर से हल्दीराम नमकीन भुजिया का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं गौरी नमकीन प्रतिष्ठान पर कुछ कमियां पाए जाने के कारण सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। बसंत लाल प्रोविजन स्टोर पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
इसके अलावा तहसील सिकंद्राराऊ क्षेत्र के जलेसर रोड, पुरदिलनगर में राजवीर सिंह की मिठाई की दुकान से लॉज (मिठाई) का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसी क्षेत्र में इरफान किराना स्टोर से मोहनी ब्रांड चाय का सर्वे नमूना लिया गया। रति का नगला स्थित मेघ सिंह मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया गया, जहां मौके पर कोई अनियमितता नहीं मिली।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है तथा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी करतार सिंह एवं पारुल सिंह भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
INPUT – RAHUL SHARMA











