Visitors have accessed this post 37 times.

हाथरस : 7 अप्रैल 2026: जिले में आज से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत कर दी गई है। यह टीकाकरण अभियान महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मुफ्त में HPV वैक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण की सुविधा जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है।

अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू की गई है, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टीकाकरण के समय किशोरियों को अपना मोबाइल फोन और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यह अभियान जिले में सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते खतरे को कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि HPV वैक्सीन समय पर लगवाने से भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। ऐसे में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों को इस अभियान का लाभ जरूर दिलाएं।

INPUT – RAHUL SHARMA