Visitors have accessed this post 47 times.
सासनी के सीमैक्स इंटरनेशनल स्कूल में 10 मई को मदर्स डे के उपलक्ष्य में “द सुपर मॉम मास्टर शेफ: रेम्प टू रेसिपी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ कई रोचक फन एक्टिविटीज आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों और उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्कूल चेयरपर्सन श्रीमती सीमा सिंह एवं विशिष्ट अतिथि माननीय संजय सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और स्कूल प्रधानाचार्य श्रीमती पारूल सारस्वत द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने मदर्स डे पर आधारित गीत, नाटक, कविता और भाषण प्रस्तुत कर माँ के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम के दौरान रैम्प वॉक और कुकिंग विदाउट फायर जैसी आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। माताओं ने अपने बच्चों के साथ रैम्प वॉक कर सभी का मन मोह लिया, वहीं कुकिंग विदाउट फायर प्रतियोगिता में बिना आग के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा सिंह ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है, जो उसे जीवन में आगे बढ़ने और बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है। प्रधानाचार्य श्रीमती पारूल सारस्वत ने कहा कि माँ शब्द को सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता, क्योंकि माँ ही बच्चों के साथ-साथ समाज के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। रैम्प वॉक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिस जया माहेश्वरी, द्वितीय स्थान मिस रिचा वार्ष्णेय तथा तृतीय स्थान मिस तनु ने प्राप्त किया। वहीं मास्टर शेफ प्रतियोगिता में मिस गुंजन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “मास्टर्स शेफ-2026” का अवार्ड अपने नाम किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम और स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।

INPUT – DEV PRAKASH










