Visitors have accessed this post 23 times.
हाथरस। ग्राम खरवा लिंक मार्ग से चिनापुर बदन स्थित सरकारी अस्पताल तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के कारण क्षेत्रीय लोगों, किसानों, मरीजों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है और लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 21 वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। कई बार संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क की खराब हालत के चलते खासकर मरीजों और किसानों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर राष्ट्रवादी प्रताप सेना एवं भारतीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क का पुनर्निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह शेखावत ने कहा कि किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर कलेक्ट्रेट तक संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र में आवागमन सुचारू रूप से हो सके।









