Visitors have accessed this post 15 times.
हाथरस : मूक-बधिर बच्चों के बेहतर भविष्य और सुनने-बोलने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग एवं स्वर्गीय डॉ. एस.एन. मेहरोत्रा मेमोरियल ईएनटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में कोक्लियर इंप्लांट स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 0 से 5 वर्ष तक के 26 मूक-बधिर बच्चों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच की गई। जांच के बाद 16 बच्चों को कोक्लियर इंप्लांट के लिए उपयुक्त पाया गया। इन बच्चों का जल्द ही कानपुर में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा, जिससे वे सामान्य बच्चों की तरह सुन और बोल सकेंगे। इस पहल से अभिभावकों में खुशी और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों के जीवन में नई आवाज़ और नया भविष्य देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चों में सुनने या बोलने में किसी प्रकार की समस्या दिखाई दे तो समय रहते जांच अवश्य कराएं, ताकि सही समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। कैंप में नोडल अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, डीपीएम बलवीर सिंह वर्मा, डॉ. अवधेश वार्ष्णेय, मोहम्मद आमिर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

INPUT – RAHUL SHARMA











