Visitors have accessed this post 19 times.

हाथरस। मथुरा रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अद्वितीय सफलता के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के परिश्रम, लगन एवं सफलता का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक महोदय, प्रबंधिका महोदया एवं प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण उत्साह, गर्व एवं उल्लास से ओत-प्रोत दिखाई दिया। समारोह में कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों वरुण शर्मा, सिद्धार्थ एवं आयुष शर्मा तथा कक्षा 12वीं के निष्ठा वाष्र्णेय, चेष्टा अरोड़ा एवं अर्पित शर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा “सफलता निरंतर प्रयास, धैर्य, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से प्राप्त होती है। हमें विश्वास है कि विद्यालय के ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी भविष्य में नई ऊँचाईयों को प्राप्त कर विद्यालय एवं समाज का नाम गौरवान्वित करेंगे।” कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य, उत्तम चरित्र एवं निरंतर प्रगति के लिए शुभाशीष प्रदान किया गया।  इस अवसर पर धर्मेन्द्र गोस्वामी, संजय शर्मा, स्वतंत्र भारद्वाज, उदित माहेश्वरी, अरविंद पाठक, सुभाष चंद्र, काजोल सिंघल, चंचल शर्मा, शालिनी भारद्वाज, तरुणा वशिष्ठ, श्रवण वर्मा, अचेन्द्र सिंह, विपिन शर्मा एवं कार्यक्रम संचालक टीम के सदस्य लक्ष्मी शर्मा, ज्योति सिंह, हेमा गौड़, नीता शर्मा आदि उपस्थित रहे।