Visitors have accessed this post 221 times.

सिकंदराराऊ के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी स्थित ओम बाबा मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा एवं रासलीला का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी, पूर्व सभासद चेतन शर्मा तथा ग्राम प्रधान संगठन के जिला उपाध्यक्ष बबलू सिसोदिया ने पूजा-अर्चना कर कथा व्यास पंडित शीलेंद्र कृष्ण दीक्षित का पटका ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कथा व्यास ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को ज्ञान, वैराग्य और ईश्वर भक्ति की ओर ले जाने वाला सहज मार्ग है। उन्होंने बताया कि सांसारिक मोह-माया का त्याग कर यदि मनुष्य सच्चे भाव से भगवान श्रीहरि का स्मरण करे तो उसका कल्याण निश्चित है। उन्होंने यशोदा-कृष्ण के प्रेम, माखन चोरी एवं गोपियों के साथ रासलीला प्रसंगों के माध्यम से भक्ति और प्रेम के महत्व को सरल रूप में समझाया। वहीं गोवर्धन पूजा की कथा के माध्यम से यह संदेश दिया कि भगवान अपने भक्तों की सदैव रक्षा करते हैं और अहंकार कभी स्थायी नहीं रहता। कार्यक्रम के दौरान बिपिन चंद्र लाल, पप्पन ठाकुर, उत्कर्ष पाठक, प्रशांत भारद्वाज, संजीव दीक्षित, दीपांशु पंडित, वैभव वार्ष्णेय, गिरीश मोहन गुप्ता, शरद वार्ष्णेय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के अंत में पूरा परिसर भक्ति रस में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।

INPUT – NEERAJ GUPTA