Visitors have accessed this post 10 times.
मुरसान : सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ मुरसान कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मथुरा-बरेली रोड तथा सादाबाद-मुरसान मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने और सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाने वाले युवकों पर कार्रवाई की। पुलिस को पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बाइक सवार सड़क पर स्टंटबाजी कर अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। अभियान के दौरान कई बाइक सवार तेज गति से वाहन चलाते हुए पाए गए,

जिन्हें रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी और चेतावनी दी कि भविष्य में स्टंटबाजी या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभियान के दौरान करीब दस बाइक चालकों के चालान भी किए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











