Visitors have accessed this post 13 times.

सिकंदराराऊ नगर के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाईचारा सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने की। प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा द्वितीय से लेकर कक्षा नवम तक के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में जहीरूद्दीन पीरजादा, श्रीकृष्ण दीक्षित, बबलू सिसोदिया, पंकज पंडा, चेतन शर्मा, शरद शर्मा, मनीष शर्मा, अनुपम तोमर, संध्या शर्मा, सोनी यादव सहित विद्यालय परिवार एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

INPUT – NEERAJ GUPTA