Visitors have accessed this post 14 times.
मुरसान क्षेत्र के ग्राम मथु में लंबे समय से निरस्त चल रही राशन की दुकान के लिए मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुए चुनाव में पिंकी देवी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए गांव की नई राशन डीलर बनने का गौरव हासिल किया। जानकारी के अनुसार, पूर्व राशन डीलर नाहर सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने उनकी राशन की दुकान निरस्त कर दी थी। इसके बाद नए राशन विक्रेता के चयन के लिए चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव को लेकर गांव में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदान प्रक्रिया में शामिल हुए। राशन डीलर पद के लिए दो प्रत्याशियों ने आवेदन किया था। एक ओर पिंकी देवी मैदान में थीं, जबकि दूसरी ओर रनजीत सिंह ने अपनी दावेदारी पेश की थी। मतदान के बाद हुई मतगणना में पिंकी देवी को 96 मत प्राप्त हुए, जबकि रनजीत सिंह को 36 मत मिले। इस प्रकार पिंकी देवी ने 60 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर राशन की दुकान अपने नाम कर ली। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी कराई गई। पिंकी देवी की जीत के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी। अब गांव के लोगों को उम्मीद है कि नई राशन डीलर के नेतृत्व में पात्र लाभार्थियों को समय पर और सुचारु रूप से राशन उपलब्ध हो सकेगा।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











