Visitors have accessed this post 170 times.
मुरसान के सादाबाद मार्ग पर स्थित दिशा सूचक साइन बोर्ड इन दिनों बड़े हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है। कई वर्षों पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाया गया यह साइन बोर्ड अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। इसके पोल का निचला हिस्सा पूरी तरह से गल चुका है और रविवार को आई तेज आंधी के बाद यह एक ओर झुक गया, जिससे इसके कभी भी गिरने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन और राहगीर गुजरते हैं। वहीं पास में स्थित रेलवे फाटक बंद होने पर बड़ी संख्या में लोग इसी स्थान के आसपास खड़े रहते हैं। ऐसे में यदि साइन बोर्ड का पोल अचानक गिर जाता है तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि साइन बोर्ड लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत या हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित हादसे को रोकने के लिए झुके हुए साइन बोर्ड को तत्काल दुरुस्त कराया जाए अथवा सुरक्षित रूप से हटाया जाए। स्थानीय नागरिकों द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिकायत भी दी गई है, लेकिन सोमवार शाम तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा। लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर नाराजगी है और वे जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











