Visitors have accessed this post 17 times.
हाथरस जनपद के मुरसान कस्बे में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि एक मकान को भी निशाना बनाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 3:45 बजे 2 से 3 बाइकों पर सवार नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड गोलियां चलने से सड़क पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान पास की दुकान पर मौजूद हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव तजना निवासी प्रमोद पुत्र रुस्तम के पैर में गोली लग गई। घायल प्रमोद अपने रिश्तेदार जितेंद्र से मिलने मुरसान आए थे। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। फायरिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रंजीत सिंह ठेनुआ के मकान को भी निशाना बनाया गया। मकान के मुख्य गेट और अन्य हिस्सों पर गोलियों के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने मकान की छत की ओर भी कई राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान मथुरा-बरेली मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। दयालपुर निवासी दीपक कुमार ने बताया कि कुछ युवक पहले से ही बाइक लेकर खड़े थे और उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह अस्पताल की ओर भागे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंच गए। भीड़ और पुलिस की गतिविधि बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हमलावरों ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मकान को क्यों निशाना बनाया और घटना के पीछे क्या वजह थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











