Visitors have accessed this post 11 times.
मथुरा/हाथरस :अधिक मास के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल, हाथरस (ब्रज प्रांत) द्वारा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य देश-विदेश से गोवर्धन परिक्रमा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। यह चिकित्सा शिविर गोवर्धन स्थित ‘हरियाणा वालों की धर्मशाला’ (गोविंद कुंड के सामने, पोल नंबर-126, आन्यौर) में आयोजित किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ विहिप ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री राजेश जी, प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल जी एवं विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और श्रद्धालुओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं तथा आगे भी इसी भावना के साथ सेवा कार्य जारी रखेंगे।

चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शाम से देर रात तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं। परिक्रमार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों में डॉ. प्रवीण शर्मा (एमबीबीएस, एमएस), डॉ. रूबी शर्मा (एमबीबीएस, डीएनबी), डॉ. वीरेश कुमारी चौहान (एमडी), डॉ. भूदेव शर्मा (बीएएमएस), डॉ. मोहित अग्निहोत्री (एमपीटी ऑर्थो, फिजियोथेरेपिस्ट) तथा डॉ. नवनीत अग्रवाल (बीडीएस, इंप्लांटोलॉजिस्ट) प्रमुख रूप से शामिल रहे। गोवर्धन परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को पैरों में छाले, अत्यधिक थकान, बदन दर्द एवं मौसमी बीमारियों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत का केंद्र साबित हुआ। विशेष रूप से फिजियोथेरेपी सेवाओं ने परिक्रमार्थियों को तत्काल आराम प्रदान किया।कार्यक्रम के समापन पर विहिप हाथरस के जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने सभी चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सेवा ही संगठन का धर्म है” और संगठन भविष्य में भी समाज एवं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, विजय गुप्ता, हेमंत कौशल, अभिषेक शर्मा, नैतिक शर्मा, चेतन यादव, हिमांशु वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


INPUT – AMIT SHARMA











