Visitors have accessed this post 269 times.
मुरसान : कोतवाली के निकट स्थित एक मकान में लाखों रुपये की नगदी और जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक रोड स्थित थाना परिसर के पीछे रहने वाले संजय चौहान पुत्र सूरजपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। संजय चौहान के अनुसार, वह 22 जून को सुबह लगभग 10 बजे घर में ताला लगाकर निजी कार्य से बाहर गए थे। सोमवार देर रात करीब 11 बजे जब वह वापस लौटे तो मुख्य द्वार का ताला खुला मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दो गोदरेज अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले। पीड़ित का आरोप है कि अलमारियों में रखी नगदी और कीमती आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, मामले में कुछ ऐसे तथ्य भी सामने आए हैं जिनकी पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि घर में अन्य नकदी भी मौजूद थी, जिसे कथित चोरों ने नहीं छुआ। इसी कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। मुरसान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











