Visitors have accessed this post 114 times.
हाथरस : परिवार नियोजन कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में जीपी-डीवीडीएमएस (GP-DVDMS) पोर्टल के संचालन, स्टॉक प्रबंधन एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के चीफ फार्मासिस्ट एवं फार्मासिस्टों ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को परिवार नियोजन सामग्रियों की ऑनलाइन मांग (इंडेंट), स्टॉक प्रबंधन, वितरण प्रक्रिया तथा GP-DVDMS पोर्टल के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता, वितरण एवं निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण में आशा स्तर, सब सेंटर (AAM), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), ब्लॉक स्तर तथा जनपद स्तर तक परिवार नियोजन सामग्री के इंडेंट, वितरण (Issue to Clients) और सामग्री प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतिभागियों को ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं रिकॉर्ड प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक सासनी, मुरसान, जिला महिला चिकित्सालय, जिला संयुक्त चिकित्सालय (बंगला अस्पताल) सहित जनपद हाथरस के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े चीफ फार्मासिस्ट एवं फार्मासिस्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल परिवार नियोजन), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम), जिला परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक (एनएचएम), सीएमएसडी स्टोर के डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवार नियोजन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ऑनलाइन प्रणाली के प्रभावी संचालन एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
INPUT – RAHUL SHARMA











